Varanasi: मंडलायुक्त कौशल राज शर्मा ने शनिवार को डीसीपी काशी और अन्य विभागीय अधिकारियों के साथ खोजवां स्थित संकुलधारा पोखरे का आकस्मिक निरीक्षण किया। यह निरीक्षण 30 अप्रैल को अक्षय तृतीया के अवसर पर होने वाले 101 कन्याओं के सामूहिक विवाह कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर किया गया।
Varanasi: भव्य रूप से होगा आयोजन
सामूहिक विवाह का आयोजन शहर के गणमान्य सामाजिक लोगों द्वारा किया जा रहा है, जिसे पूरी भव्यता के साथ संपन्न किया जाएगा। आयोजन के दौरान घोड़े और बग्गियों पर बारात निकाली जाएगी। विवाह समारोह में पोखरे के चारों ओर वेदियां और एक मुख्य मंच बनाया जाएगा। साथ ही, वर-वधु पक्ष के लोगों के लिए भोजन और वाहन पार्किंग की व्यवस्था पोखरे के पास के स्कूल परिसर और मैदान में की जाएगी।

व्यवस्थाओं को लेकर अधिकारियों ने की समीक्षा
निरीक्षण के दौरान मंडलायुक्त और अधिकारियों ने साफ-सफाई, सड़क और गलियों की मरम्मत, स्ट्रीट लाइट, पोखरे की सफाई और विस्तृत सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आयोजकों के साथ चर्चा की। अधिकारियों ने सुनिश्चित किया कि आयोजन स्थल पर सभी सुविधाएं समय से पूरी कर ली जाएं।
निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त अक्षत वर्मा, एडीएम सिटी आलोक वर्मा, अपर नगर आयुक्त सविता यादव, समाज कल्याण अधिकारी, जलकल विभाग और पुलिस विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।

