Varanasi: मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद शहर में पुलिस द्वारा चलाया जा रहा ‘ऑपरेशन टॉर्च’ लगातार जारी है। अभियान के तहत बांग्लादेशी और रोहिंग्या मुसलमानों की संभावित मौजूदगी को लेकर झुग्गी-झोपड़ी बस्तियों में सघन जांच की जा रही है। इसी क्रम में पुलिस की टीमें कैंट थाना क्षेत्र के नदेसर स्थित अहीरानी गली के झुग्गी बस्तियों में पहुंचीं, जहां रहने वाले लोगों के दस्तावेजों की गहन पड़ताल की गई।

कैंट एसीपी नितिन तनेजा के साथ पूरी टीम (Varanasi) ने मौके पर पहुंचकर एक-एक लोगों से बातचीत की। इस दौरान पुलिस टीम द्वारा लगातार अनाउंसमेंट भी किया जा रहा था ताकि सभी लोग अपने-अपने दस्तावेजों की जांच कराने में पुलिस का सहयोग करें।
Varanasi: पुलिस ने खंगाले लोगों के रिकॉर्ड
वहीं पुलिस (Varanasi) ने मौके पर 45 से अधिक लोगों का रिकॉर्ड खंगाला और उनके पहचान संबंधी दस्तावेज एकत्र कर सत्यापन के लिए संबंधित विभागों को भेज दिया। कैंट एसीपी नितिन तनेजा के अनुसार, दस्तावेजों की जांच के साथ-साथ पृष्ठभूमि सत्यापन की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है, ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या अवैध निवास की पुष्टि की जा सके।

इसके अलावा जांच के दौरान झुग्गियों में रहने वाले लोगों ने पुलिस को बताया कि वे पश्चिम बंगाल से आकर उत्तर प्रदेश में बसे हैं। पुलिस का कहना है कि सभी तथ्यों की गहन जांच की जा रही है और सत्यापन रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सुरक्षा के मद्देनजर यह अभियान आगे भी जारी रहेगा और किसी भी तरह की अनियमितता पाए जाने पर सख्त कदम उठाए जाएंगे।

