Varanasi Weather: दिसंबर के दूसरे पखवारे में काशी में ठंड ने अचानक तेवर दिखा दिए हैं। गुरुवार की सुबह शहर घने कोहरे की चादर में लिपटी नजर आई, वहीं शीतलहर ने लोगों को कंपकंपा दिया। दिन के तापमान में करीब चार डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है, जबकि न्यूनतम तापमान भी तेजी से नीचे खिसक रहा है। मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों तक घने कोहरे को लेकर अलर्ट जारी किया है।

मौसम विभाग के अनुसार दिसंबर के शुरुआती दिनों की तुलना में अब मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल चुका है। जहां कुछ दिन पहले तक अधिकतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ था, वह अब घटकर करीब 20 डिग्री सेल्सियस रह गया है। वहीं न्यूनतम तापमान (Varanasi Weather) गिरकर 10.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है, जिससे सुबह और रात के समय ठंड का असर ज्यादा महसूस हो रहा है।
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि उत्तर-पश्चिम दिशा से चल रही पछुआ हवाओं के कारण ठंड में लगातार इजाफा हो रहा है। इन्हीं ठंडी हवाओं (Varanasi Weather) की वजह से सुबह के वक्त घना कोहरा छा रहा है। आने वाले दिनों में तापमान में और गिरावट आने की संभावना जताई गई है, जिससे शीतलहर का असर और तेज हो सकता है।

मौसम विभाग (Varanasi Weather) ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। घने कोहरे के चलते दृश्यता कम रहने की आशंका है, जिससे सड़क और रेल यातायात प्रभावित हो सकता है। वाहन चालकों को विशेष सावधानी बरतने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही बढ़ती ठंड को देखते हुए बुजुर्गों और बच्चों को अतिरिक्त सुरक्षा उपाय अपनाने की सलाह दी गई है।

Varanasi Weather: नगर निगम ने किए मुकम्मल इंतजाम
कड़ाके की ठंड को देखते हुए नगर निगम प्रशासन ने राहत के पुख्ता इंतजाम किए हैं। गंगा घाटों और प्रमुख सार्वजनिक स्थानों के आसपास रैनबसेरों की व्यवस्था की गई है, साथ ही अलाव भी जलवाए जा रहे हैं। इससे जरूरतमंदों और राहगीरों को ठंड से राहत मिल रही है। गंगा घाटों पर रैनबसेरा और अलाव (Varanasi Weather) की मांग को गंभीरता से लेते हुए नगर निगम ने ठंड से बचाव के लिए त्वरित कदम उठाए हैं।

