Sonbhadra News: सोनभद्र जिले के चोपन थाना क्षेत्र के कोटा गांव में शुक्रवार की सुबह एक ऐसी घटना घटित हुई, जिससे चारों-ओर अफरातफरी का माहौल मच गया। यात्रियों से भरी एक निजी बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। हादसे में आधा दर्जन यात्री घायल हो गए। सभी घायलों को स्थानीय लोगों की मदद से निजी वाहनों से चोपन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। घटना के करीब आधे घंटे बाद तक एम्बुलेंस और पुलिस के मौके पर न पहुंचने से लोगों में भारी नाराजगी देखी गई।
Sonbhadra News: घने कोहरे में हुआ हादसा
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह करीब 9 बजे घने कोहरे के बीच एक निजी बस तेलगुडवा से सवारियां लेकर विढ़मगंज की ओर जा रही थी। बस जैसे ही कोटा उपकेंद्र (थाना चोपन) के पास पहुंची, अचानक उसका स्टेयरिंग फेल हो गया, जिससे बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई।
हादसे (Sonbhadra News) में घायल यात्रियों की पहचान सविता देवी (50) पत्नी कृपाशंकर प्रजापति, निवासी डहकुडंडी, कोटा (चोपन), सम्पतिया देवी (70) पत्नी स्व. लक्ष्मण कानू, निवासी सलैयाडीह, थाना कोन, अरविंद शाह (45) पुत्र विन्देश्वरी, निवासी ठठेरा, मधेपुरा (छत्तीसगढ़), सरोज (17) पुत्री सुदामा, निवासी पथगड़ी, थाना चोपन और निरंकार विश्वकर्मा (35) निवासी मिर्जापुर के रूप में हुई है।
घायल यात्री ने दिखाई बहादुरी
बस पलटने के बाद घायल यात्री निरंकार विश्वकर्मा ने हिम्मत दिखाते हुए बस में फंसे अन्य यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला। उस समय बस में लगभग 40 से 45 यात्री सवार थे, लेकिन राहत की बात यह रही कि केवल आधा दर्जन लोग ही घायल हुए।
ग्रामीणों की मदद से अस्पताल पहुंचाए गए घायल
बस पलटने की तेज आवाज और यात्रियों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। कोटा ग्राम प्रधान प्रहलाद चेरो और अतिश चंद्रवंशी की मदद से घायलों (Sonbhadra News) को निजी वाहनों से चोपन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया।
सीएचसी में प्राथमिक उपचार (Sonbhadra News) के बाद सविता देवी और सम्पतिया देवी की हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया। हालांकि, कुल्हे और पैर में गंभीर चोट होने के कारण परिजन उन्हें निजी अस्पताल लेकर चले गए। हादसे के बाद मौके पर एम्बुलेंस और पुलिस के देर से पहुंचने पर स्थानीय लोगों ने नाराजगी जताई और आपातकालीन सेवाओं की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए।

