Sonbhadra: सदर कोतवाली क्षेत्र में मंगलवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसे में ड्यूटी पर तैनात होमगार्ड की अज्ञात वाहन की चपेट में आने से मौत हो गई। घटना लोढ़ी हॉस्पिटल के सामने शक्तिनगर-वाराणसी मार्ग पर हुई, जहां सुबह करीब पांच बजे एक व्यक्ति का शव सड़क किनारे पड़ा मिला।
Sonbhadra: सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची
जानकारी के अनुसार, हरेंद्र प्रसाद पुत्र रामजी साव, निवासी लोढ़ी (थाना रॉबर्ट्सगंज), जो खुशबू बाग नर्सरी रोड पर चाय की दुकान संचालित करते हैं, ने सुबह करीब 5 बजे पुलिस (Sonbhadra) को सूचना दी कि उनकी दुकान के सामने एक व्यक्ति मृत अवस्था में पड़ा है। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची।
पुलिस की जांच में मृतक की पहचान रामसूरत यादव (55 वर्ष) पुत्र रामधनी यादव, निवासी ग्राम गोटी बांध, थाना रायपुर, जनपद सोनभद्र के रूप में हुई। वह नगवा क्षेत्र के रहने वाले थे और होमगार्ड के पद पर कार्यरत थे। बताया गया कि उनकी रात्रि ड्यूटी लोढ़ी चौकी पर लगी थी। आशंका जताई जा रही है कि ड्यूटी के दौरान या लौटते समय किसी अज्ञात वाहन (Sonbhadra) ने उन्हें टक्कर मार दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस (Sonbhadra) ने घटना की सूचना मृतक के परिजनों तथा होमगार्ड कमांडेंट को दे दी है। परिजन मौके पर पहुंच गए हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए लोढ़ी अस्पताल में रखवाया गया है। पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश में आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और मामले की जांच जारी है।

