Sonbhadra: बीजपुर थाना क्षेत्र के सिरसोती ग्राम पंचायत अंतर्गत महुआबारी गांव में मंगलवार रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां घरेलू विवाद के चलते एक युवक ने अपनी पत्नी की सब्बल से वार कर निर्मम हत्या कर दी। पुलिस (Sonbhadra) ने आरोपी पति को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार मृतका सुमन कुमारी (26 वर्ष) का विवाह आश्रम मोड़ निवासी कन्हैया के साथ हुआ था। बताया जा रहा है कि पति-पत्नी के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था, जिसके चलते सुमन पिछले कई वर्षों से अपने मायके महुआबारी (Sonbhadra) में मां के साथ रह रही थी। हालांकि कुछ माह पूर्व आपसी सहमति से कन्हैया भी ससुराल आकर रहने लगा था। दंपति के चार बच्चे हैं।

घटना मंगलवार रात करीब 11 बजे की है। बताया जा रहा है कि सुमन मोबाइल देख रही थी, इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि कन्हैया ने आपा खो दिया और घर में रखे सब्बल से सुमन के सिर पर ताबड़तोड़ वार कर दिया। इसके बाद उसने सब्बल को सुमन के पेट में घुसेड़ दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल (Sonbhadra) होकर गिर पड़ी।
Sonbhadra: आरोपी पति गिरफ्तार
चीख-पुकार सुनकर परिजन और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही बीजपुर पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर हालत में सुमन को एनटीपीसी रिहंद स्थित धनवंतरी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पति कन्हैया को रात में ही हिरासत में ले लिया।
बुधवार सुबह फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल (Sonbhadra) का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। मृतका की मां सीता देवी की तहरीर पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। इस हृदयविदारक घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।
पुलिस का कहना है कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है और मामले में सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। क्षेत्राधिकारी पिपरी हर्ष पाण्डेय ने बताया कि सब्बल से प्रहार से मृतका की मौत हो गई। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।

