Mau: जिले में चर्चित मोबाइल शोरूम में हुई सैकड़ों मोबाइल फोन चोरी के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। कोतवाली नगर पुलिस, स्वाट, एसओजी और सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में चार शातिर अंतर्राज्यीय चोरों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों के कब्जे से चार चोरी के मोबाइल फोन और 1.10 लाख रुपये नकद बरामद किए गए हैं।
इसका खुलासा पुलिस अधीक्षक कमलेश बहादुर ने गुरूवार की शाम प्रेस कांफ्रेंस करके किया। उन्होंने बताया कि 1 अप्रैल को अली बिल्डिंग स्थित एक मोबाइल शोरूम में चोरी की बड़ी घटना सामने आई, जिसमे करीब 286 मोबाइल फोन चोरी हुए। मामले में तत्काल कार्रवाई करते हुए विशेष अभियान चलाया गया।
Mau: 4 शातिर चोर गिरफ्तार
छानबीन के दौरान पुलिस टीम (Mau) ने करीब 103 सीसीटीवी फुटेज खंगाले और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। 8 अप्रैल को मुखबिर से मिली सूचना के बाद रेलवे स्टेशन के पास कार पार्किंग के पीछे खाली सुनसान स्थान से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान गाजीपुर निवासी गौरीशंकर राजभर (47), झारखंड निवासी अब्दुल हाय (24) और पश्चिम बंगाल निवासी समीम अख्तर उर्फ राकेश (28) के रूप में की गई है।
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने खुलासा किया कि चोरी किए गए मोबाइलों का एक बड़ा हिस्सा पश्चिम बंगाल में औने-पौने दामों में बेच दिया गया है, जिससे करीब डेढ़ से दो लाख रुपये मिले। इस रकम को उन्होंने आपस में बांट लिया गया और कुछ अन्य चीजों में खर्च कर दिया।
पुलिस (Mau) के अनुसार, गिरोह का सरगना आलम शेख अभी भी फरार है, जो चोरी के मोबाइलों को पश्चिम बंगाल के मालदा के एक दलाल के जरिए बांग्लादेश में बिकवाता था। चोरी की रकम विभिन्न खातों के माध्यम से गिरोह के सदस्यों तक पहुंचाई जाती थी। फिलहाल पुलिस फरार सरगना और अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी है।




