Chandauli: अलीनगर थाना क्षेत्र के कमलापुर स्थित जीवक अस्पताल में सोमवार सुबह दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई। इलाज के लिए भर्ती 55 वर्षीय महिला लक्ष्मीना की अस्पताल के वार्ड में घुसकर गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतका मूल रूप से सासाराम की रहने वाली बताई गई हैं और पिछले कई दिनों से अस्पताल में भर्ती थीं।
जानकारी के अनुसार, सुबह करीब साढ़े छह बजे एक युवक अस्पताल (Chandauli) पहुंचा और खुद को मरीज बताते हुए बीपी की दवा लेने की बात कही। इलाज के बहाने वह अस्पताल के ऊपरी वार्ड तक पहुंच गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आरोपी ने अचानक महिला की कनपटी पर पिस्टल सटा दी और गोली चला दी। गोली लगते ही महिला की मौके पर ही मौत हो गई।
Chandauli: ग्रामीणों ने आरोपी को पकड़ा
वारदात के बाद अस्पताल में अफरा-तफरी मच गई। मरीजों और तीमारदारों में चीख-पुकार मच गई। बताया जा रहा है कि अस्पताल (Chandauli) से बाहर निकलते समय आरोपी ने एक और फायर किया और बाइक से भागने की कोशिश करने लगा। इसी दौरान अस्पताल कर्मियों और आसपास के ग्रामीणों ने उसका पीछा कर पकड़ लिया। गुस्साए लोगों ने आरोपी की जमकर पिटाई कर दी।
सूचना मिलते ही उत्तर प्रदेश पुलिस की अलीनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में लेकर थाने ले गई। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक, वरिष्ठ अधिकारी और फॉरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंची। अस्पताल परिसर को घेरकर जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और हत्या के पीछे की वजह तलाशने में जुटी है। घटना के बाद इलाके में दहशत और तनाव का माहौल बना हुआ है।

