Varanasi: भेलूपुर थाना क्षेत्र स्थित एसीपी कार्यालय के सामने शुक्रवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। पेट्रोल पंप के समीप स्थापित जियो टावर पर मरम्मत कार्य के दौरान अचानक शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया, जिससे आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जियो टावर पर एक मजदूर मरम्मत कार्य कर रहा था। इसी दौरान अचानक टावर (Varanasi) में शॉर्ट सर्किट हुआ और आग की लपटें उठने लगीं। आग तेजी से फैलने लगी, लेकिन मजदूर ने सूझबूझ दिखाते हुए किसी तरह सुरक्षित नीचे उतरकर अपनी जान बचाई।
घटना (Varanasi) के समय टावर के बिल्कुल पास स्थित पेट्रोल पंप के कर्मचारियों और प्रबंधन ने तत्काल सतर्कता दिखाई। पेट्रोल पंप के मैनेजर ने बिना देर किए पेट्रोल पंप का संचालन बंद करा दिया और कर्मचारियों के साथ अग्निशमन उपकरण लेकर आग पर प्रारंभिक नियंत्रण का प्रयास शुरू कर दिया। साथ ही फायर ब्रिगेड, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन और एसीपी कार्यालय को तत्काल घटना की सूचना दी गई।
Varanasi: 45 मिनट बाद पहुंची मौके पर टीम
सूचना के बावजूद लगभग 45 मिनट बाद फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। तब तक भेलूपुर थाना प्रभारी, दुर्गाकुंड चौकी प्रभारी सहित भारी संख्या में पुलिस बल (Varanasi) भी घटनास्थल पर पहुंच चुका था। फायर ब्रिगेड की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद टावर में लगी आग पर पूरी तरह काबू पाया, जिसके बाद स्थानीय लोगों और पेट्रोल पंप कर्मियों ने राहत की सांस ली।
पेट्रोल पंप के मैनेजर ने बताया कि जब इस मोबाइल टावर को लगाया जा रहा था, तब कॉलोनी के लोगों और पेट्रोल पंप प्रबंधन ने इसका विरोध किया था। उन्होंने कहा कि पेट्रोल पंप के बिल्कुल समीप टावर लगाए जाने से भविष्य में किसी बड़े हादसे (Varanasi) की आशंका पहले से जताई गई थी, लेकिन विरोध के बावजूद टावर स्थापित कर दिया गया। उन्होंने कहा कि सौभाग्य की बात रही कि आग की चपेट में पेट्रोल पंप नहीं आया, अन्यथा एक बड़ी दुर्घटना हो सकती थी।
घटना (Varanasi) के बाद क्षेत्र में काफी देर तक लोगों की भीड़ जुटी रही। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट को आग लगने की वजह माना जा रहा है। पुलिस और संबंधित विभाग पूरे मामले की जांच में जुट गए हैं।
