Varanasi: सारनाथ पुलिस और एटीएस इकाई वाराणसी की संयुक्त टीम ने नकली भारतीय मुद्रा (जाली नोट) और मादक पदार्थों की तस्करी करने वाले एक बड़े अंतर्राज्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस टीम ने पश्चिम बंगाल के मालदा जिले से पच्चीस हजार के इनामी वांछित अभियुक्त जाकिर को गिरफ्तार कर लिया है। यह गिरोह बांग्लादेश सीमा के रास्ते भारत में जाली नोटों की खेप लाकर उत्तर प्रदेश और अन्य राज्यों में सप्लाई करता था।
सारनाथ पुलिस और एटीएस (Varanasi) की संयुक्त टीम ने मुखबिर की सटीक सूचना पर पश्चिम बंगाल के मालदा जिले के थाना वैष्णव नगर अंतर्गत ‘देवनापुर’ इलाके से अभियुक्त जाकिर (उम्र 56 वर्ष) को धर दबोचा। अभियुक्त जाकिर पुत्र आजीद शेख (उर्फ आजीद अली) ठाकुरदास मण्डल पारा, देवनापुर, थाना वैष्णव नगर, जिला मालदा (पश्चिम बंगाल) का रहने वाला है।
Varanasi: पूछताछ में बड़ा खुलासा
गिरफ्तारी के बाद हुई पूछताछ में अभियुक्त जाकिर ने कई चौंकाने वाले खुलासे किए। उसने स्वीकार किया कि वह पश्चिम बंगाल में खेतीबाड़ी और मजदूरी की आड़ में बांग्लादेश के कुख्यात तस्कर ‘रफीक उर्फ रफीकुल’ के संपर्क में था। रफीक बांग्लादेश बॉर्डर पार करके भारत में अवैध रूप से मवेशियों और जाली भारतीय नोटों की तस्करी करता है।
जाकिर ने बताया कि उसने रफीक के माध्यम से दो लाख रुपये के जाली नोट मंगाए थे, जिसके बदले उसने असली एक लाख रुपये दिए थे। इन जाली नोटों को उसने बिहार के वैशाली निवासी अपने साथियों मोहम्मद सुलेमान अंसारी और इदरीश पुत्र मोहम्मद बशीर को वाराणसी (Varanasi) में सप्लाई करने के लिए दिया था, जिन्हें वाराणसी पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। गिरोह के अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी के बाद जाकिर अपना मोबाइल बंद कर लगातार छिप रहा था।
सारनाथ थाना प्रभारी (Varanasi) पंकज त्रिपाठी ने बताया कि यह पूरा मामला 19 नवंबर 2024 को तब सामने आया था, जब एटीएस इकाई वाराणसी और स्थानीय पुलिस (सारनाथ) ने बिहार के दो जाली नोट तस्करों (सुलेमान और इदरीश) को 197000 रूपयों के नकली नोटों, मोबाइल और जाली दस्तावेजों के साथ गिरफ्तार किया था। इस मामले में थाना सारनाथ में धारा 179,180 बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।
इस मामले में जाकिर वांछित चल रहा था और उस पर पच्चीस हजार रुपये का पुरस्कार घोषित था, अभियुक्त को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर अग्रिम विधिक कार्यवाही (Varanasi) की जा रही है।


