Varanasi के सरैया-सारनाथ मार्ग पर रविवार सुबह तेज रफ्तार पिकअप और ऑटो की टक्कर में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि ऑटो चालक समेत कई लोग घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस पहुंची और राहत कार्य शुरू कराया।
बताया जा रहा है कि पिकअप वाहन पुल से नीचे उतर रहा था, जबकि ऑटो पुराने पुल की ओर जा रहा था। इसी दौरान तेज गति से आ रही पिकअप ने ऑटो में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि ऑटो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें बैठे लोग सड़क पर जा गिरे।
Varanasi: यात्री भी हुए घायल
हादसे (Varanasi) में 24 वर्षीय निहाल अहमद की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं पंचकोशी चौराहे पर ठेला-खोमचा लगाकर गुजर-बसर करने वाली 60 वर्षीय श्याम दुलारी देवी गंभीर रूप से घायल हो गईं। उन्हें इलाज के लिए निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। घटना में ऑटो चालक समेत अन्य यात्री भी घायल हुए हैं। पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है।
हादसे (Varanasi) के बाद मार्ग पर कुछ देर जाम की स्थिति बन गई। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर सड़क पर यातायात बहाल कराया। जैतपुरा थाना प्रभारी उपेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि आरोपी पिकअप चालक गुड्डू साहू को मौके से ही पकड़ लिया गया है। उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। शुरुआती जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही हादसे की वजह मानी जा रही है।
