Varanasi: शिवपुर थाना क्षेत्र में चोरों के दुस्साहस और सेंधमारी का एक ऐसा मामला सामने आया है, जिससे लोगों में दहशत व्याप्त है। चोरों ने एक ही रात में दो दुकानों को निशाना बनाया और एक बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया। शिवपुर रेलवे क्रॉसिंग के पश्चिमी छोर पर स्थित अजय मेडिकल स्टोर की दीवार तोड़कर चोर दुकान में दाखिल हुए और टीन के बक्से में रखे करीब 4.50 लाख रुपये नकद और लगभग 8 लाख रुपये के सोने के आभूषण लेकर फरार हो गए। चोरों ने पहचान छिपाने के लिए दुकान में लगा CCTV कैमरा भी उखाड़ लिया। कई कैमरों को मोड़ दिया ताकि कहीं से भी वह सामने ना आने पाए।


बता दें कि इसके बाद भी चोरों का दुस्साहस यहीं नहीं रुका। मेडिकल स्टोर (Varanasi) में चोरी करने के बाद चोरों ने बगल की राहुल टी स्टॉल का ताला तोड़कर करीब 500 रुपये नकद और सामान भी चोरी कर लिया। वहीं उन्होंने पास ही स्थित एक मोबाइल और एक मिठाई की दुकान में भी चोरी करने का प्रयास किया लेकिन सफल ना हो सके।

घटना की जानकारी तब हुई जब मंगलवार की सुबह लोग और दूकानदार मौके पर पहुंचे। इस घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना (Varanasi) मिलने पर तत्काल प्रभाव से पहुंची पुलिस हर पहलुओं से मामले की जांच पड़ताल में जुटी है।

Varanasi: रेलवे ट्रैक की ओर से दीवार तोड़कर घुसे चोर
अजय मेडिकल स्टोर के संचालक ने बताया कि वह शिवपुर थाना क्षेत्र के भवानीपुर गांव में किराये के कमरे में रहता है। वहां पहले चोरी की घटना हो चुकी थी। इसके चलते उसने अपनी नकदी और आभूषण दुकान में ही सुरक्षित रखे थे।

सोमवार को वह अपनी दुकान बंद कर घर लौट गए थे। देर रात मेडिकल स्टोर की दीवार तोड़कर चोर अंदर दाखिल हुए। इसके बाद दुकान में रखे टीन के बक्से को खंगाला और उसमें रखी नकदी व आभूषण लेकर फरार हो गए।

चार सोने की चेन और तीन अंगूठियां गायब
उन्होंने आगे बताया कि इससे पहले उनके घर में भी चोरी हो चुकी है, जिसके डर से उन्होंने अपने सभी कीमती समानों और आभूषणों को अपने दूकान में ही रखा रहा लेकिन यहाँ भी चोरी हो गई। मंगलवार की सुबह करीब पांच बजे आसपास के लोगों (Varanasi) ने उसे फोन कर दुकान की दीवार टूटे होने की जानकारी दी। जब वह मौके पर पहुंचे तो देखा कि 4.50 लाख रुपये नकद, चार सोने की चेन और तीन सोने की अंगूठियां गायब मिलीं।

CCTV कैमरा खंगाल रही पुलिस
बता दें कि एक ही रात में दो दुकानों में चोरी की घटना (Varanasi) सामने आने के बाद आसपास के व्यापारियों में आक्रोश है। घटना की सूचना पीड़ित ने डायल 112 पर दी। इसके बाद शिवपुर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस आसपास लगे अन्य CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। पुलिस तकनीकी संसाधनों की मदद से चोरों की पहचान और उनके आने-जाने के रास्ते का पता लगाने में जुटी है।
ये भी पढ़ें:- शादी वाले घर में पसरा मातम, हाईटेंशन तार की चपेट में आने से 3 की मौत

