यूपीआई लेनदेन पर प्रस्तावित 0.40 प्रतिशत MDR शुल्क के विरोध में भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के राष्ट्रव्यापी आह्वान पर गुरुवार को सोनभद्र के व्यापारियों ने ‘नो यूपीआई डे’ मनाया। व्यापारियों ने अपने-अपने प्रतिष्ठानों पर ‘नो यूपीआई’ के पोस्टर लगाकर विरोध दर्ज कराया और ग्राहकों से ऑनलाइन भुगतान के बजाय नगद भुगतान लिया।
MDR शुल्क के प्रस्ताव पर आपत्ति
इस दौरान व्यापारियों ने यूपीआई लेनदेन पर MDR शुल्क लगाए जाने के प्रस्ताव पर आपत्ति जताते हुए सरकार से इस पर पुनर्विचार करने की मांग की। व्यापारियों का कहना है कि डिजिटल भुगतान को बढ़ावा देने के बजाय उस पर अतिरिक्त शुल्क लगाने से व्यापारियों और आम उपभोक्ताओं पर इसका असर पड़ सकता है।

उप्र उद्योग व्यापार मंडल सोनभद्र के जिलाध्यक्ष राजेश गुप्ता ने आंदोलन में सहभागिता करने वाले सभी व्यापारियों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि व्यापारी देश की प्रगति में लगातार अपना योगदान दे रहे हैं। व्यापारियों की समस्याओं का समाधान किया जाना चाहिए, न कि उन पर नए-नए करों का बोझ डाला जाए।
ये भी पढ़ें:- अब बुजुर्गों की नहीं, युवाओं की पसंद बनी खादी! Gandhi Jayanti पर खास ऑफर
उन्होंने सरकार से यूपीआई लेनदेन पर MDR शुल्क वापस लेने की मांग करते हुए कहा कि जब तक समस्या का समाधान नहीं होता, तब तक उप्र उद्योग व्यापार मंडल सोनभद्र केंद्रीय नेतृत्व के निर्णय के अनुसार आंदोलन जारी रखेगा।
