Sonbhadra: घोरावल कोतवाली क्षेत्र के घोरावल नगर स्थित वार्ड नंबर चार में शुक्रवार की रात 62 वर्षीय रियल एस्टेट कारोबारी ओमप्रकाश भारद्वाज की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। प्रथम दृष्टया उनके गले पर कसाव के निशान मिलने से गला घोंटकर हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
ओमप्रकाश भारद्वाज पुत्र राम निहोर मूल रूप से वाराणसी जनपद के कपसेठी थाना क्षेत्र के रघुनाथपुर गांव के निवासी थे। घोरावल में वह रियल एस्टेट कारोबार से जुड़े थे और सोनांचल पब्लिक स्कूल का संचालन भी करते थे। बताया जा रहा है कि घटना (Sonbhadra) वाली रात विद्यालय परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरे और विद्युत कनेक्शन बंद मिले। इसके अलावा मृतक के मोबाइल फोन से कॉल डिटेल डिलीट किए जाने की भी बात सामने आई है। इन परिस्थितियों को देखते हुए घटना को लेकर कई सवाल खड़े हो गए हैं और सुनियोजित तरीके से वारदात किए जाने की आशंका जताई जा रही है।
Sonbhadra: सुबह पिता को मृत अवस्था में देखा
चौकी इंचार्ज उदय कुशवाहा (Sonbhadra) ने बताया कि मृतक के पुत्र आकाश के अनुसार शुक्रवार की रात तक सब कुछ ठीक था। सुबह आकर देखा तो उनके पिता बोल नहीं रहे थे। इसके बाद तत्काल 112 पर सूचना दी गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची तो ओमप्रकाश मृत अवस्था में पड़े मिले। चौकी इंचार्ज के अनुसार प्रथम दृष्टया गले में कसाव के निशान नजर आए हैं।
ये भी पढ़ें:- MDR शुल्क के विरोध में व्यापारियों ने मनाया ‘नो यूपीआई डे
उन्होंने बताया कि मामले की जानकारी उच्चाधिकारियों के साथ फोरेंसिक टीम को दी गई है। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जाएगा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के कारणों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। मामले में पुलिस (Sonbhadra) सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।

