मुख्य समारोह में 40 से अधिक मेधावियों को मंच से मिलेगा स्वर्ण पदक, छह से 11 दिसंबर तक संकायवार बांटे जाएंगे दीक्षांत परिधान, विद्यार्थियों को ऑनलाइन सहमति फॉर्म भरना अनिवार्य
वाराणसी। काशी हिंदू विश्वविद्यालय (BHU) का 106वां दीक्षांत समारोह 12 दिसंबर को आयोजित किया जाएगा. समारोह की तैयारियों को लेकर विश्वविद्यालय प्रशासन जुट गया है. स्वतंत्रता भवन में आयोजित होने वाले मुख्य समारोह में विश्वविद्यालय के विभिन्न पाठ्यक्रमों में सर्वोच्च अंक हासिल करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया जाएगा. इस बार विश्वविद्यालय और संबद्ध महाविद्यालयों को मिलाकर कुल 530 पदकों का वितरण किया जाएगा. इनमें 40 से अधिक मेधावियों को मुख्य समारोह के मंच से स्वर्ण पदक प्रदान किए जाएंगे.
दीक्षांत समारोह में शामिल होने वाले छात्र-छात्राओं के लिए ऑनलाइन सहमति फॉर्म भरना अनिवार्य किया गया है. विश्वविद्यालय (BHU) प्रशासन पिछले वर्ष की व्यवस्था के तहत इस बार भी विद्यार्थियों से ऑनलाइन माध्यम से उनकी सहभागिता की जानकारी जुटा रहा है. सहमति फॉर्म के जरिए समारोह में शामिल होने वाले विद्यार्थियों की संख्या, पदक और उपाधि प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं की उपस्थिति सहित अन्य जरूरी जानकारियां एकत्र की जाएंगी. इसके आधार पर समारोह की व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जाएगा.

दिसंबर के पहले सप्ताह में जारी होगी मेधावियों की सूची
विश्वविद्यालय प्रशासन (BHU) यूजी, पीजी और अन्य पाठ्यक्रमों में सर्वोच्च अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों की सूची तैयार कर रहा है. पदक और उपाधि प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं के नामों पर नियमानुसार अंतिम मुहर लगने के बाद दिसंबर के पहले सप्ताह में सूची जारी किए जाने की तैयारी है. इस सूची में विश्वविद्यालय के विभिन्न संकायों और संबद्ध कॉलेजों के मेधावी विद्यार्थी शामिल होंगे. मुख्य समारोह में मंच से सम्मानित होने वाले विद्यार्थियों का चयन भी इसी प्रक्रिया के तहत किया जाएगा.
छह दिन संकायों में वितरित होंगे दीक्षांत परिधान
दीक्षांत समारोह (BHU) में शामिल होने वाले विद्यार्थियों को छह से 11 दिसंबर तक दीक्षांत परिधान वितरित किए जाएंगे. इसके लिए विश्वविद्यालय ने संकायवार वितरण की व्यवस्था बनाने की तैयारी की है. निर्धारित अवधि में छात्र-छात्राएं अपने संबंधित संकाय से परिधान प्राप्त कर सकेंगे. इससे अंतिम दिन भीड़ और अव्यवस्था की स्थिति से बचने के साथ विद्यार्थियों को समय पर समारोह की तैयारी करने में सुविधा होगी. इस संबंध में विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से अगले सप्ताह आधिकारिक आदेश जारी किए जाने की संभावना है.

परीक्षा नियंत्रक अवधेश कुमार ने बताया कि दीक्षांत समारोह में शामिल होने के लिए छात्र-छात्राओं को ऑनलाइन सहमति फॉर्म भरना होगा. पदक और उपाधि प्राप्त करने वाले (BHU) विद्यार्थियों की सूची विश्वविद्यालय के नियमों के अनुसार जारी की जाएगी. पिछले वर्ष की तरह इस बार भी समारोह में विद्यार्थियों की सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए ऑनलाइन सहमति की व्यवस्था लागू की गई है.
ये भी पढ़े:- जज गेस्ट हाउस के बाहर शराब पीने से रोकने पर सिपाही की पिटाई
इस तरह 12 दिसंबर को होने वाले दीक्षांत समारोह(BHU) में मेधावियों को सम्मानित करने के साथ हजारों विद्यार्थियों को उपाधियां प्रदान की जाएंगी. विश्वविद्यालय प्रशासन समारोह को व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटा है.
