परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह के निर्देश पर शासन ने कड़ी कार्रवाई करते हुए अलीगढ़ के दो परिवहन अधिकारियों (RTO and ARTO) को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। इस संबंध में अपर मुख्य सचिव परिवहन अर्चना अग्रवाल द्वारा आदेश जारी किए गए हैं। निलंबित किए गए अधिकारियों में चम्पालाल, तत्कालीन सम्भागीय निरीक्षक (प्राविधिक) अलीगढ़ (वर्तमान में सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी, सिद्धार्थनगर) तथा बन्दना सिंह, सम्भागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन), अलीगढ़ शामिल हैं।
RTO and ARTO: बच्ची की मौत के बाद बड़ी कार्रवाई
परिवहन आयुक्त किंजल सिंह ने बताया कि 28 फरवरी 2026 को अलीगढ़ सीमा से सटे कासगंज के ग्राम नगला साधु में एक दर्दनाक हादसा हुआ। स्कूल बस संख्या यूपी-81 बीटी-8873 का फर्श टूटने से एक बच्ची सड़क पर गिर गई, जिसके बाद बस का टायर चढ़ जाने से उसकी मृत्यु हो गई। यह बस अलीगढ़ के दादो स्थित माउंट देवा इंटरनेशनल स्कूल में संचालित हो रही थी। जांच में सामने आया कि वाहन का बीमा एवं परमिट की वैधता समाप्त हो चुकी थी।
घटना के बाद उप परिवहन आयुक्त (परिक्षेत्र) आगरा, सम्भागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) अलीगढ़, सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन/प्रवर्तन) अलीगढ़, सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन/प्रवर्तन) कासगंज तथा यात्रीकर अधिकारी अलीगढ़ से तीन दिन में स्पष्टीकरण मांगा गया था।
प्रकरण (RTO and ARTO) में शासकीय कार्यों में उदासीनता एवं शिथिलता पाए जाने पर चम्पालाल को निलंबित किया गया है। वहीं, पर्यवेक्षणीय दायित्वों का निर्वहन न करने के कारण श्रीमती बन्दना सिंह के विरुद्ध भी निलंबन की कार्रवाई की गई है। साथ ही स्कूल प्रबंधन के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने हेतु तहरीर दी गई है।
मंत्री दयाशंकर सिंह ने बताया कि सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए मुख्यमंत्री के स्पष्ट निर्देश हैं कि सभी क्षेत्रीय अधिकारी अपने-अपने जनपदों (RTO and ARTO) में निरंतर भ्रमण करें। त्योहारों को देखते हुए मुख्यालय स्तर पर कंट्रोल रूम स्थापित कर चक्रानुक्रम में अधिकारियों और कर्मचारियों की ड्यूटी भी लगाई गई है, ताकि सड़क दुर्घटनाओं की त्वरित सूचना मिल सके और आमजन को सुगम परिवहन सुविधा उपलब्ध कराई जा सके।

