Mau: कचहरी परिसर स्थित सदर मालखाने में ड्यूटी पर तैनात एक सिपाही सोमवार को हादसे का शिकार हो गया। राइफल रखते समय अचानक गोली चल जाने से सिपाही गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल सिपाही की पहचान दीपक कुमार चौहान (28) के रूप में हुई है, जो मूल रूप से चंदौली जनपद के निवासी हैं।

जानकारी के अनुसार, दीपक कुमार चौहान की ड्यूटी कचहरी के सदर मालखाने की सुरक्षा में लगाई गई थी। ड्यूटी के दौरान जब वह अपनी राइफल रख रहे थे, तभी अचानक गोली चल गई। गोली उनके दाहिने कंधे में जा लगी। घटना होते ही मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों में अफरा-तफरी मच गई और तत्काल घायल सिपाही को जिला अस्पताल पहुंचाया गया।
सूचना मिलते ही पुलिस विभाग के अधिकारी भी हरकत में आ गए। पुलिस अधीक्षक कमलेश बहादुर, अपर पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार और क्षेत्राधिकारी सिटी क्रिश राजपूत तुरंत जिला अस्पताल पहुंचे और घायल सिपाही का हालचाल जाना। अधिकारियों (Mau) ने डॉक्टरों से इलाज की जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
Mau: सिपाही वाराणसी हुआ रेफर
जिला अस्पताल (Mau) में डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद सिपाही की हालत को गंभीर देखते हुए उसे वाराणसी के हायर सेंटर रेफर कर दिया। डॉक्टर शाहिद कमाल के अनुसार, गोली सिपाही के दाहिने कंधे को आर-पार कर गई है। हालांकि राहत की बात यह है कि सिपाही फिलहाल खतरे से बाहर बताया जा रहा है।
पुलिस (Mau) अधीक्षक कमलेश बहादुर ने बताया कि यह एक हादसा है, जो असलहा रखते समय हुआ। उन्होंने कहा कि मामले की जांच की जा रही है और सुरक्षा मानकों का भी पुन परीक्षण किया जाएगा, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।
घटना के बाद कचहरी परिसर में कुछ देर के लिए हलचल का माहौल बना रहा। फिलहाल घायल सिपाही का इलाज वाराणसी में जारी है और पुलिस विभाग उसकी स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।

