Sonbhadra: वाराणसी-शक्तिनगर राजमार्ग पर राबर्ट्सगंज के लोढ़ी स्थित भेलाही बँधा के समीप शनिवार की भोर में हुए भीषण सड़क हादसे ने तीन परिवारों की खुशियां पलभर में मातम में बदल दीं। शादी समारोह से लौट रहे बारातियों की जायलो कार अनियंत्रित होकर पलट गई। जिससे उसमें सवार तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई और पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।

मृतकों की पहचान नीतीश यादव (25) पुत्र लालमनी यादव, जितेंद्र चौधरी (22) पुत्र कामेश्वर चौधरी तथा दिलीप पासवान (22) पुत्र प्रमोद पासवान, निवासी ससनई, थाना कोन के रूप में हुई है। बताया गया कि चोपन क्षेत्र के कन्हौरा गांव से अखिलेश चौधरी की बारात पवनी, थाना रायपुर गई थी। शादी समारोह (Sonbhadra) से लौटते समय यह दर्दनाक हादसा हो गया। कार में चालक सहित कुल आठ लोग सवार थे।
Sonbhadra: वाराणसी ट्रामा सेंटर रेफर
हादसे में पंकज चौधरी (18) पुत्र सुनील चौधरी और चालक छोटेलाल साहनी (28) पुत्र लल्लू चौधरी, निवासी कन्हौरा, थाना चोपन, समेत अन्य दो लोग घायल हुए हैं। घायलों को तत्काल मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल चालक को बेहतर इलाज के लिए वाराणसी ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया।
अन्य घायलों का इलाज जिला अस्पताल (Sonbhadra) में चल रहा है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त वाहन को सड़क किनारे हटवाकर यातायात बहाल कराया। शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
सीओ (Sonbhadra) रणधीर मिश्रा ने बताया कि प्रथम दृष्टया हादसे की वजह चालक को नींद की झपकी आना प्रतीत हो रही है, हालांकि पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। हादसे में जान गंवाने वाले तीनों युवक आपस में घनिष्ठ मित्र थे और एक साथ अपने दोस्त की शादी में शामिल होने गए थे।

दिलीप अपने पीछे पत्नी और दो मासूम बेटियां छोड़ गए हैं, जिनमें एक करीब ढाई वर्ष और दूसरी मात्र एक वर्ष की है। नीतीश का एक साल का बेटा है, जबकि जितेंद्र की शादी महज एक वर्ष पूर्व हुई थी और उनकी पत्नी गर्भवती हैं। एक साथ तीन युवकों की मौत से तीन परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है, वहीं पूरे गांव (Sonbhadra) में शोक और मातम का माहौल है।

