Akshay Kumar: ऑनलाइन दुनिया में बच्चों की सुरक्षा को लेकर एक बड़ा मामला सामने आया है। अभिनेता अक्षय कुमार (Akshay Kumar) की बेटी नितारा से ऑनलाइन गेमिंग के दौरान अश्लील फोटो मांगने वाले आरोपी को महाराष्ट्र साइबर विभाग ने गिरफ्तार कर लिया है। इस मामले की जानकारी विभाग के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (ADG) यशस्वी यादव ने एक कार्यक्रम के दौरान दी।
मुंबई के आर.डी. नेशनल कॉलेज में आयोजित साइबर जागरूकता कार्यक्रम में ADG यशस्वी यादव ने बताया कि यह घटना वर्ष 2025 की है। उस समय अक्षय कुमार ने खुद इसका जिक्र किया था और बताया था कि उनकी बेटी ऑनलाइन गेम खेल रही थी। इसी दौरान एक अनजान व्यक्ति उससे बातचीत करने लगा।
Akshay Kumar: आरोपी ने किया भरोसा जीतने की कोशिश
शुरुआत में आरोपी ने सामान्य और विनम्र तरीके से बात की। वह गेम खेलने की तारीफ करता रहा और भरोसा जीतने की कोशिश करता रहा। कुछ देर बाद उसने निजी सवाल पूछने शुरू कर दिए और फिर अश्लील फोटो की मांग करने लगा। नितारा ने स्थिति को समझते हुए तुरंत गेम बंद कर दिया और जाकर अपनी मां ट्विंकल खन्ना को पूरी बात बताई। इसके बाद मामले को गंभीरता से लिया गया।
अक्षय कुमार (Akshay Kumar) ने उस समय कहा था कि साइबर अपराध अक्सर इसी तरह धीरे-धीरे शुरू होता है। पहले दोस्ती की जाती है, फिर भरोसा जीतकर बच्चों को जाल में फंसाने की कोशिश होती है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की थी कि बच्चों की ऑनलाइन गतिविधियों पर नजर रखें और उन्हें जागरूक करें। महाराष्ट्र साइबर विभाग ने अब आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। अधिकारियों का कहना है कि बच्चों को ऑनलाइन सुरक्षित रखने के लिए जागरूकता सबसे जरूरी है।
ऐसे मामलों में तुरंत शिकायत करने से अपराधियों तक पहुंचना आसान होता है। यह मामला एक बार फिर याद दिलाता है कि डिजिटल दुनिया में सतर्कता उतनी ही जरूरी है, जितनी असल जिंदगी में।
