प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Modi) की दो दिनी काशी यात्रा में कम समय शेष रहने पर बरेका मैदान में तैयारियों को फाइनल टच देने में सरकारी मशीनरी ने पूरी ताकत झोंक दी है। महिला सम्मेलन स्थल पर ब्लाक बनाकर कुर्सियां लगा दी गयी है। जगह- जगह कटआट्स, प्रकाश के इंतजाम, मैटिंग समेत अन्य शेष कार्यों को पूरा करने के लिए श्रमिकों की फौज लगी है।
रंग- रोगन, कटाई- छटाई भी जारी
कार्यों को जल्द पूरा कराने के लिए काम बांटकर अफसर भी श्रमिकों के साथ सभा स्थल पर डटे हैं। बीएलडब्ल्यू के अंदर से लेकर पूरे शहर में साफ- सफाई, रास्तों का रंग- रोगन, डिवाइडर पर लगे पौधों की काट- छांट लगभग समाप्ति की ओर हैं। कार्यक्रम स्थल जगमग होने से अब तैयारियां फाइनल होने के कगार पर हैं।
PM मोदी के कार्यक्रम लिए की जा रही तैयारियों का प्रशासन और पुलिस के आला अधिकारी ने देर शाम तक कई राउंड जायजा लिया। बरेका मैदान और गेस्ट हाउस की तरफ जाने वाले रास्ते पर जगह- जगह बैरियर लगा दिए गए हैं। गाड़ियों की पार्किंग के लिए चिह्नित किए गए स्थानों पर भी साफ- सफाई, बैरिकेडिंग का काम भी पूरा हो चला है।
सेफ्टी आडिट में जुटे अधिकारी
कार्यक्रम स्थल पर लाइटिंग, पंखे, कूलर भी लगाए गए हैं। पीडब्ल्यूडी, विद्युत सुरक्षा विभाग, अग्निशमन के अधिकारी सेफ्टी आडिट में जुटे हैं। वहीं भजपा नेताओं में जगह- जगह कटआउट व होर्डिंग्स लगाने की होड़ मच गयी है। कई नेताओं ने अपनी बड़ी- बड़ी होर्डिंग्स कार्यक्रम स्थल की ओर जाने वाले रास्तों पर लगवा दी हैं। वहीं PM मोदी के 29 अप्रैल को सुबह बरेका गेस्ट हाउस से श्री काशी विश्वनाथ मंदिर तक अनौपचारिक रूप से रोड शो को देखते हुए पूरे शहर को चमकाया जा रहा है।
राज्यपाल व सीएम करेंगे PM की अगवानी
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के दो दिनी दौरे पर 28 अप्रैल को काशी पहुंचने पर उप्र की राज्यपाल आनंदी बेन पटेल व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अगवानी करेंगे। PM के कार्यक्रम में शामिल होने के लिए भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, उप्र के दोनों डिप्टी सीएम समेत प्रदेश के कई मंत्री भी आएंगे। राज्यपाल व मुख्यमंत्री बाबतपुर एयरपोर्ट पर प्रधानमंत्री के पहुंचने पर उनका स्वागत करेंगे।
6350 करोड़ की परियोजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दो दिनी काशी दौरे पर 28 अप्रैल को दोपहर में बाबतपुर एयरपोर्ट पहुंचेंगे। PM मोदी का करीब 20 घंटे का काशी प्रवास होगा। एयरपोर्ट से हेलीकाप्टर से PM बरेका हेलीपैड आएंगे। वहां से बरेका गेस्ट हाउस जाएंगे। शाम पांच बजे बरेका मैदान पर PM मोदी लगभग 6,350 करोड़ की विभिन्न परियोजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास करेंगे। इसके बाद महिला सम्मेलन को संबोधित करेंगे। बरेका गेस्ट हाउस में रात्रि विश्राम के बाद 29 अप्रैल को सुबह करीब साढ़े आठ बजे प्रधानमंत्री मोदी श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन- पूजन करेंगे।
48 परियोजनाओं को राष्ट्र को करेंगे समर्पित
प्रधानमंत्री काशी दौरे में 1,050 करोड़ से अधिक की लागत वाली पूरी हो चुकी 48 परियोजनाओं को राष्ट्र को समर्पित करेंगे। प्रमुख अवसंरचना परियोजनाओं में वाराणसी-आजमगढ़ सड़क का विस्तारीकरण, कज्जाकपुरा व कादीपुर में महत्वपूर्ण रेल ओवरब्रिज का उद्घाटन और भगवानपुर में 55 एमएलडी क्षमता वाले सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) का उद्घाटन शामिल हैं।
प्रधानमंत्री विभिन्न सामुदायिक परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे। इनमें जल जीवन मिशन के तहत 30 ग्रामीण पेयजल योजनाएं, चंद्रावती घाट का पुनर्विकास, सारनाथ के पास सारंगनाथ मंदिर का पर्यटन विकास और नागवा स्थित संत रविदास पार्क का सौंदर्यीकरण व जीर्णोद्धार कार्य शामिल हैं।
सार्वजनिक सेवाओं और खेलों में सुधार भी प्रमुखता से किए जा रहे हैं, जिनमें यूपी कॉलेज में सिंथेटिक हॉकी टर्फ, रामनगर में 100 बिस्तरों वाला वृद्धाश्रम व भेलूपुर जल शोधन संयंत्र में एक मेगावाट का सौर ऊर्जा संयंत्र शामिल हैं। प्रधानमंत्री तिब्बती अध्ययन केंद्रीय विश्वविद्यालय में सोवा रिग्पा भवन व अस्पताल का भी उद्घाटन करेंगे, जो आधुनिक स्वास्थ्य देखभाल प्रणालियों के साथ पारंपरिक चिकित्सा को एकीकृत करने की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
5,300 करोड़ के 112 प्रोजेक्ट्स का शिलान्यास
PM मोदी अपनी इस काशी यात्रा में लगभग 5,300 करोड़ की 112 से अधिक परियोजनाओं की आधारशिला रखेंगे। इनमें अमृत 2.0 के तहत 13 सीवरेज और जल आपूर्ति योजनाएं, श्री शिव प्रसाद गुप्त मंडलीय अस्पताल में 500 बेड वाले बहु-विशेषज्ञ अस्पताल, भोजुबीर और सिगरा में बाजार परिसरों और कार्यालयों का निर्माण, तालाबों का जीर्णोद्धार और नवीनीकरण, 198 बिस्तरों वाले अस्पताल का पुनर्निर्माण, 100 बेड वाले गहन चिकित्सा ब्लॉक का निर्माण तथा अस्सी घाट, दशाश्वमेध घाट और नमो घाट सहित प्रमुख घाटों पर पर्यटन सुविधाओं का विकास शामिल है।
करोड़ो से अधिक की राशि भी करेंगे हस्तांतरित
शासन और सामाजिक कल्याण अवसंरचना को मजबूत करने के लिए प्रधानमंत्री रामनगर में एकीकृत संभागीय कार्यालय, नगर निगम कार्यालय भवन और एक सरकारी बाल आश्रय गृह और किशोर न्याय बोर्ड की आधारशिला भी रखेंगे। प्रधानमंत्री बनास डेयरी से जुड़े उत्तर प्रदेश के दूध आपूर्तिकर्ताओं को बोनस के रूप में 105 करोड़ से अधिक की राशि भी हस्तांतरित करेंगे।
PM वाराणसी जंक्शन-पंडित दीन दयाल उपाध्याय जंक्शन तीसरी और चौथी रेलवे लाइन परियोजना की आधारशिला रखेंगे, जिसमें गंगा नदी पर रेल-सह-सड़क पुल का निर्माण भी शामिल है। यह परियोजना रेल यातायात में भीड़ कम करके, रसद दक्षता बढ़ाकर, बहु-मार्गीय संपर्क को मजबूत करके और यातायात को सुगम बनाकर वाराणसी और चंदौली जिलों को लाभ पहुंचाएगी। इससे काशी विश्वनाथ धाम, रामनगर क्षेत्र और राष्ट्रीय राजमार्ग-19 तक पहुंच में सुधार होगा, साथ ही पूर्वी उत्तर प्रदेश और बिहार के साथ रेल संपर्क मजबूत होगा।
दो नई अमृत भारत ट्रेनों को दिखाएंगे झंडी
PM मोदी 28 अप्रैल को दो नई अमृत भारत ट्रेन काशी से बनारस-पुणे (हडपसर) और अयोध्या-मुंबई (लोकमान्य तिलक टर्मिनस) को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। यह ट्रेनें किफायती और आधुनिक यात्रा विकल्प प्रदान करेंगी तथा उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश व महाराष्ट्र के बीच संपर्क बढ़ाएंगी।
बनारस-पुणे सेवा से काशी विश्वनाथ धाम तक पहुंचना आसान होगा, जबकि अयोध्या-मुंबई सेवा से श्री राम मंदिर तीर्थ क्षेत्र तक संपर्क बेहतर होगा और प्रमुख धार्मिक स्थलों के बीच कनेक्टिविटी सुदृढ़ होगी।

