Varanasi: जिले में एंटी करप्शन की टीम ने शुक्रवार को एक बड़ी कार्रवाई की है। टीम ने बिजली विभाग के एक जेई एस एस रस्तोगी को 22 हजार रूपये रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ा है। एस. एस. रस्तोगी बिजली विभाग के पांडेयपुर स्थित उपकेंद्र में अवर अभियंता के पद पर तैनात हैं। बता दें कि भ्रष्टाचार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एंटी करप्शन संगठन वाराणसी मंडल की टीम ने यह कार्रवाई की है। आरोपी अस्थायी विद्युत कनेक्शन जारी करने के एवज में रिश्वत की मांग कर रहा था।
शिकायतकर्ता ने दी पूरी जानकारी
एंटी करप्शन विभाग के अनुसार, कैंट थाना क्षेत्र के टकटकपुर निवासी अमित कुमार श्रीवास्तव ने 11 जून, शुक्रवार को शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि उन्होंने मंशानगर कॉलोनी (Varanasi) में अपने नए मकान के निर्माण कार्य के लिए 6 जून को अस्थायी विद्युत कनेक्शन हेतु ऑनलाइन आवेदन किया था। गुरूवार को वह 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र पांडेयपुर पहुंचे और वहां तैनात अवर अभियंता सुखदेव स्वरूप रस्तोगी से इस मामले को लेकर मुलाकात की। आरोप है कि पूरा मामला जानने के बाद जेई ने कनेक्शन जारी करने के लिए 22 हजार रुपये रिश्वत की मांग की और 12 जून को आवेदक के प्लॉट पर मिलने को कहा।
Varanasi: एंटी करप्शन टीम ने जाल बिछाया
इसी शिकायत की पुष्टि करने के बाद एंटी करप्शन टीम ने जाल बिछाया। निरीक्षक उमाशंकर यादव के नेतृत्व में टीम 12 जून को टकटकपुर स्थित मंशानगर कॉलोनी में पहले से मौजूद थी। इसी बीच आरोपी जेई भी मौके पर पहुंचा और शिकायतकर्ता से 22 हजार रुपये की रिश्वत ली। जैसे ही उसने रकम अपने कब्जे में ली। एंटी करप्शन टीम (Varanasi) ने उसे रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से रिश्वत की पूरी रकम बरामद की गई। कार्रवाई के दौरान आरोपी के हाथ धुलवाए गए, जिसमें रासायनिक परीक्षण के बाद घोल का रंग गुलाबी हो गया, जिससे रिश्वत की रकम छूने की पुष्टि हुई।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान सुखदेव स्वरूप रस्तोगी पुत्र स्व. राजेंद्र प्रसाद रस्तोगी के रूप में हुई है। वह मूल रूप से लखनऊ के आलमनगर क्षेत्र का निवासी है और वर्तमान में गौतम विहार कॉलोनी, सरसौली, शिवपुर (Varanasi) में रह रहा था। वह वर्ष 2015 से विद्युत विभाग में कार्यरत है और वर्तमान में पांडेयपुर उपकेंद्र पर अवर अभियंता के पद पर तैनात था। एंटी करप्शन टीम ने आरोपी के खिलाफ थाना कैंट में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कराने की कार्रवाई शुरू कर दी है।

