Varanasi: डाक विभाग में बीपीएम (ब्रांच पोस्ट मास्टर) की नौकरी दिलाने का झांसा देकर एक युवक से 10 लाख रुपये से अधिक की ठगी करने का मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत पर कार्रवाई नहीं होने के बाद अदालत के आदेश पर चौबेपुर थाने में चार आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। व्यासपुर निवासी अंबरीश कुमार चौबे ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया कि उनके रिश्तेदार प्रिंस दुबे उर्फ प्रवीण दुबे ने यह कहकर विश्वास में लिया कि उसका साला डाक विभाग में इंस्पेक्टर है और वह उन्हें डाक विभाग में बीपीएम पद पर स्थायी नौकरी दिला सकता है।
Varanasi: 10 से 15 लाख रुपये खर्च होने की बात
इसके एवज में 10 से 15 लाख रुपये खर्च होने की बात कही गई। आरोपियों की बातों में आकर अंबरीश ने रिश्तेदारों से कर्ज लेकर 10,20,055 रुपये उन्हें दे दिए। आरोप है कि रुपये लेने के बाद उन्हें एक हस्ताक्षरयुक्त जॉइनिंग लेटर दिया गया, जो बाद में जांच में पूरी तरह फर्जी निकला। ठगी (Varanasi) का एहसास होने पर जब उन्होंने रुपये वापस मांगे तो आरोपियों का रवैया बदल गया।
पीड़ित के अनुसार, 8 मार्च 2026 को महाराजगंज और 9 मार्च 2026 को चौबेपुर हाईवे पर आरोपियों ने उन्हें घेर लिया, गाली-गलौज और मारपीट की तथा जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित का आरोप है कि स्थानीय पुलिस (Varanasi) ने प्रारंभ में शिकायत पर कार्रवाई नहीं की। इसके बाद उन्होंने न्यायालय की शरण ली।
कोर्ट के आदेश पर चौबेपुर पुलिस (Varanasi) ने प्रिंस दुबे उर्फ प्रवीण दुबे, उमा दुबे, अनूप त्रिपाठी उर्फ मोलू और कमलावती देवी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। वहीं उपनिरीक्षक राजेंद्र कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

