Mau जिले के मधुबन थाना क्षेत्र के गजियापुर गांव में एकादशी के पावन पर्व पर सरयू नदी में स्नान के दौरान दर्दनाक हादसा हो गया। अपने डूबते भाई की जान बचाने के लिए नदी में उतरी दो सगी बहनें तेज बहाव में लापता हो गईं। घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा है, जबकि पुलिस, गोताखोर और एनडीआरएफ की टीम दोनों बच्चियों की तलाश में लगातार जुटी हुई है।
जानकारी के अनुसार गजियापुर निवासी रामबिलास यादव अपने परिवार और अन्य ग्रामीणों (Mau) के साथ ट्रैक्टर-ट्रॉली से सरयू नदी में स्नान करने पहुंचे थे। करीब 20 से 25 लोग एकादशी के अवसर पर स्नान कर रहे थे। इसी दौरान रामबिलास यादव का पुत्र अभय अचानक गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा।
भाई को डूबता देख बड़ी बहन प्रियांशु बिना अपनी जान की परवाह किए उसे बचाने के लिए नदी में कूद गई। उसने साहस दिखाते हुए किसी तरह अपने भाई को धक्का देकर सुरक्षित बाहर निकाल दिया, लेकिन खुद नदी की तेज धारा में फंस गई।
Mau: सरयू नदी में समां गई दोनों बहनें
अपनी बड़ी बहन को डूबता देख छोटी बहन प्रतिज्ञा भी उसे बचाने के लिए नदी में उतर गई। हालांकि तेज बहाव (Mau) के सामने दोनों बहनें बेबस हो गईं और देखते ही देखते सरयू की लहरों में समा गईं। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर भारी संख्या में ग्रामीण पहुंच गए और अपने स्तर पर दोनों बच्चियों की तलाश शुरू कर दी। काफी देर तक खोजबीन के बावजूद उनका कोई पता नहीं चल सका।
सूचना मिलने पर क्षेत्राधिकारी मधुबन दिनेश दत्त मिश्रा और थाना प्रभारी कृष्ण कुमार गुप्ता पुलिस बल (Mau) के साथ मौके पर पहुंचे। इसके बाद गोताखोरों और एनडीआरएफ की टीम को बुलाकर सर्च ऑपरेशन शुरू कराया गया। देर शाम तक दोनों बच्चियों की तलाश जारी रही, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी।
इस दर्दनाक घटना (Mau) ने पूरे इलाके को झकझोर दिया है। भाई को बचाने के लिए दोनों बहनों की बहादुरी की हर कोई सराहना कर रहा है, वहीं परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। प्रशासन ने बताया कि सर्च ऑपरेशन लगातार जारी है और दोनों बच्चियों की तलाश के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं।

