Varanasi: काशी के सांसद और देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 28 अप्रैल को प्रस्तावित वाराणसी दौरे को लेकर पूरे शहर में सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद कर दी गई है। विशेष सुरक्षा समूह (एसपीजी) की टीम ने शहर में डेरा डाल दिया है और चप्पे-चप्पे पर निगरानी के साथ सुरक्षा एजेंसियों को आवश्यक निर्देश जारी किए हैं। प्रशासन और पुलिस महकमा दौरे को लेकर अंतिम तैयारियों में जुटा हुआ है।

शनिवार दोपहर एसपीजी टीम ने स्थानीय पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ विभिन्न स्थलों का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया। अधिकारियों ने सबसे पहले बरेका ग्राउंड का दौरा किया, जहां प्रधानमंत्री की जनसभा प्रस्तावित है। इसके बाद गेस्ट हाउस और अन्य महत्वपूर्ण स्थानों की गहन जांच की गई। सुरक्षा के लिहाज से हर एंट्री और एग्जिट पॉइंट का निरीक्षण किया गया तथा संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए विशेष टीमों को तैनात करने के निर्देश दिए गए हैं।

संवेदनशील स्थानों पर विशेष नजर
पुलिस (Varanasi) आयुक्त मोहित अग्रवाल ने बताया कि पुलिस, पीएसी और केंद्रीय बलों के साथ समन्वय स्थापित कर सुरक्षा घेरा मजबूत किया जा रहा है। एसपीजी टीम ने लाल बहादुर शास्त्री हवाई अड्डा और प्रस्तावित रोड मार्गों का भी गहन निरीक्षण किया। रूट पर पड़ने वाले संवेदनशील स्थानों को चिह्नित कर अतिरिक्त सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। सभा स्थल पर महिला सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए महिला पुलिसकर्मियों की विशेष तैनाती की जाएगी। साथ ही खुफिया एजेंसियों को भी सक्रिय कर संभावित खतरों पर नजर रखने के लिए अलर्ट मोड पर रखा गया है।

Varanasi: ट्रैफिक डायवर्जन प्लान तैयार
वीवीआईपी मूवमेंट (Varanasi) को देखते हुए शहर में ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर भी एसपीजी और पुलिस अधिकारियों के बीच मंथन किया गया है। पुलिस ने विशेष ट्रैफिक डायवर्जन प्लान तैयार कर लिया है, जिसे जल्द लागू किया जाएगा ताकि आमजन को कम से कम परेशानी हो और सुरक्षा व्यवस्था में कोई चूक न हो।पुलिस आयुक्त ने बताया कि प्रधानमंत्री के दौरे को लेकर सभी तैयारियां अंतिम चरण में हैं और सुरक्षा के हर पहलू पर बारीकी से नजर रखी जा रही है।

जर्मन हैंगर तकनीक से बन रहा भव्य पंडाल
बरेका में जर्मन हैंगर तकनीक से विशाल पंडाल (Varanasi) तैयार किया जा रहा है, जिसे केसरिया रंग से सजाया जा रहा है। गर्मी को ध्यान में रखते हुए पंडाल की ऊंचाई अधिक रखी गई है तथा एसी, कूलर और पंखों का पर्याप्त इंतजाम किया जा रहा है। यहां लगभग 40 हजार महिलाओं के बैठने की व्यवस्था की जा रही है। इसके लिए जिले की आठों विधानसभाओं को लक्ष्य दिया गया है। शहर को स्वच्छ और आकर्षक बनाने के लिए जगह-जगह पेंटिंग और सौंदर्यीकरण का कार्य भी चल रहा है।

बरियासनपुर स्थित डॉ. शशिकांत सिंह पीजी कॉलेज (Varanasi) की छात्राएं बैरिकेडिंग पर महाराष्ट्र की लोककला ‘वर्ली’ शैली से चित्र बना रही हैं। प्रधानमंत्री अपने दौरे के दौरान कुल 6269.86 करोड़ रुपये की 160 विकास योजनाओं की सौगात देंगे। इनमें 1052.89 करोड़ रुपये की 48 योजनाओं का लोकार्पण तथा 5216.17 करोड़ रुपये की 112 योजनाओं का शिलान्यास शामिल है।
प्रमुख परियोजनाएं:
- गंगा नदी पर 15 किमी लंबा नया रेल-सड़क पुल
- रामनगर क्षेत्र में पेयजल और सीवर नेटवर्क का विस्तार
- 500 बेड का मल्टी सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल निर्माण
- 23 विद्यालयों में स्मार्ट क्लास की स्थापना
- बीएचयू में जी+4 छात्रावास और हिंदी संस्थान भवन
- अस्सी, दशाश्वमेध और रविदास घाट का पर्यटन विकास व सुंदरीकरण
- हरहुआ से संदहा तक 15 किमी फोर लेन सर्विस रोड
- हेलीपैड और सभा स्थल पर अंतिम तैयारियां तेज
सुरक्षा व्यवस्था (Varanasi) कड़ी होने के साथ हेलीपैड पर कर्मचारियों द्वारा लगातार पानी का छिड़काव किया जा रहा है। खेल मैदान के चारों तरफ बांस-बल्लियों की बैरिकेडिंग कर दी गई है। वायु सेवा और प्रशासनिक अधिकारी लगातार निरीक्षण कर रहे हैं।
सूर्य सरोवर के सामने बन रहे पंडाल में सीसीटीवी कैमरे, लाइट, पेयजल और अन्य सुविधाओं की व्यवस्था पूरी कर ली गई है। प्रशासन प्रधानमंत्री के आगमन को लेकर तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटा है।

