Varanasi: रोहनिया थाना क्षेत्र के सौरव विहार कॉलोनी, अखरी के पास बीती रात हुई गोलीबारी की घटना में गंभीर रूप से घायल युवक जितेंद्र सिंह की इलाज के दौरान मौत हो गई। युवक को पीठ में गोली मारी गई थी, जिसके बाद पुलिस ने उसे तत्काल ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया था।
जानकारी के अनुसार, देर रात पुलिस (Varanasi) को गोली चलने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंची रोहनिया पुलिस ने सौरव विहार कॉलोनी से घायल अवस्था में मिले जितेंद्र सिंह को तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां उसकी हालत नाजुक बनी रही। लगातार इलाज के बावजूद आज सुबह उसकी मौत हो गई।
Varanasi: वारदात को अंजाम देकर मौके से बदमाश फरार
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मोटरसाइकिल सवार दो अज्ञात बदमाशों ने युवक पर गोली चलाई और वारदात को अंजाम देकर मौके से फरार हो गए। मृतक ने इलाज के दौरान दिए गए बयान में भी इसी बात की पुष्टि की थी। घटना (Varanasi) के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
रोहनिया पुलिस के अनुसार, परिजनों से तहरीर ली जा रही है और उसी के आधार पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा। साथ ही आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें गठित कर दी गई हैं।
पुलिस ने बताया कि घटना स्थल और आसपास के क्षेत्रों में लगे सभी सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके। अधिकारियों ने दावा किया है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले (Varanasi) का खुलासा किया जाएगा। फिलहाल हत्या के पीछे के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है। पुलिस सभी संभावित एंगल—व्यक्तिगत रंजिश, आपराधिक विवाद या अन्य कारणों—से जांच कर रही है।

