Varanasi: चौबेपुर क्षेत्र के पलकहा पण्डापुर के पास शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में बाइक सवार युवक की नहर में गिरकर मौत हो गई। मृतक अपने छोटे भाई की शादी का निमंत्रण बांटने के लिए घर से निकला था। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।मृतक की पहचान हरिहरपुर निवासी अनिल राजभर पुत्र दूधनाथ राजभर के रूप में हुई है। बताया गया कि 22 जून को उसके छोटे भाई सुनील की शादी जाल्हूपुर के कोचिया गांव में तय हुई थी। शादी की तैयारियों के बीच अनिल रिश्तेदारों को निमंत्रण देने निकला था।
Varanasi: शादी की खुशियां मातम में बदलीं
इसी दौरान पलकहा (Varanasi) के पास उसकी बाइक अनियंत्रित होकर सूखी नहर में जा गिरी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।अनिल चार भाइयों में तीसरे नंबर पर था और पेशे से बाइक मैकेनिक था। उसकी शादी शिवपुर प्रहलादपुर निवासी नेहा से हुई थी। परिवार में पत्नी नेहा और तीन माह का मासूम बेटा है। परिवार के अन्य तीन भाई मुंबई में रहकर अपना काम करते हैं। छोटे भाई की शादी के कारण पूरा परिवार इन दिनों घर पर जुटा हुआ था और विवाह की तैयारियां चल रही थीं, लेकिन इस हादसे ने सारी खुशियां मातम में बदल दीं।
पति के शव से लिपटकर रोती हुई नेहा बार-बार कह रही थी, अभी त हमनी के जिनगी शुरू भइल रहे, हमार तीन महीना के बाबू बा, अब ओकरा के के देखी? हमार सब कुछ उजड़ गइल। वही बेटे की मौत से बेसुध मां राजकुमारी बिलखते हुए कह रही थीं, “छोटका के बियाह खातिर घर में खुशी के माहौल रहे। नेवता बांटे गइल बेटवा अब कबहूं लौट के ना आई। भगवान ई कइसन अन्याय कइले।
घटना (Varanasi) की सूचना पर थाना प्रभारी वीरेंद्र कुमार सोनकर एवं उपनिरीक्षक राजेंद्र यादव अनुराग तिवारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई और शादी वाले घर में मातम छा गया।

