Ballia: उत्तर प्रदेश के बलिया जिले में शनिवार रात रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली सनसनीखेज वारदात सामने आई। पत्नी की विदाई न होने से नाराज युवक ने ससुराल पहुंचकर खूनी खेल खेल दिया। उसने पत्नी और सास की धारदार हथियार से गला काटकर हत्या कर दी, जबकि अपने ढाई साल के बेटे और ससुर को भी गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत फैल गई।
मामला नगर थाना क्षेत्र के बछईपुर के छोटका पूरा गांव का है। बताया जा रहा है कि गड़वार थाना क्षेत्र के सिंहचौर निवासी अमित गोंड की शादी चार वर्ष पहले प्रीति गोंड से हुई थी। दोनों का ढाई साल का बेटा भी है। कुछ समय से पति के उत्पीड़न से परेशान होकर प्रीति मायके में रह रही थी। नवरात्र के दौरान अमित पत्नी को लेने ससुराल पहुंचा था, लेकिन प्रीति ने उसके साथ जाने से इंकार कर दिया। उसी दौरान आरोपी ने धमकी भी दी थी।
शनिवार रात गांव में एक बारात आई थी, जहां नाच-गाने का कार्यक्रम चल रहा था। इसी बीच देर रात अमित ससुराल पहुंचा और छत के रास्ते घर में घुस गया। वहां छत पर सो रही पत्नी प्रीति (22) और सास सुशीला देवी (45) पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
Ballia: वारदात को अंजाम दे, आरोपी फरार
इसके बाद आरोपी (Ballia) ने अपने ढाई वर्षीय बेटे अभी पर भी हमला कर दिया। शोर सुनकर नीचे सो रहे ससुर अंतु गोंड (50) ऊपर पहुंचे और दामाद को पकड़ने की कोशिश की, लेकिन आरोपी ने उन पर भी हमला कर दिया। वारदात के बाद वह मौके से फरार हो गया। चीख-पुकार सुनकर पहुंचे ग्रामीणों (Ballia) ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर नगर थानाध्यक्ष समेत कई थानों की पुलिस पहुंची। एसपी ओमवीर सिंह, एएसपी दिनेश शुक्ल और सीओ आलोक गुप्ता ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं।
घायलों को इलाज के लिए वाराणसी भेजा गया है। पुलिस ने ससुर की तहरीर पर आरोपी अमित गोंड के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है और उसकी तलाश में दबिश दी जा रही है।

